Breaking News

त्योहारों पर यात्रियों को राहत, उत्तर रेलवे चलाएगा पांच जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने पांच जोड़ी आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और बिहार के प्रमुख शहरों के बीच यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। ट्रेनों में सामान्य, स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।
वाराणसी-दिल्ली जंक्शन फेस्टिवल स्पेशल 04209/04210 का संचालन दो अक्टूबर से 28 नवंबर तक होगा। 04209 वाराणसी से सोमवार, बुधवार और शुक्रवार तथा 04210 दिल्ली से मंगलवार, गुरुवार और शनिवार चलेगी। ट्रेन लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, हरदोई, मुरादाबाद, गाजियाबाद और नई दिल्ली होते हुए संचालित होगी। इसमें कुल 20 कोच होंगे।
अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनल 04213/04214 एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी। यह गुरुवार और रविवार को अयोध्या से तथा शुक्रवार और सोमवार को आनंद विहार से संचालित होगी। ट्रेन लखनऊ, बाराबंकी, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद के रास्ते चलेगी।
चंडीगढ़-पटना जंक्शन 04512/04511 का संचालन एक अक्टूबर से 27 नवंबर तक साप्ताहिक होगा। यह ट्रेन लखनऊ के आलमनगर और उतरटिया के साथ सुल्तानपुर, वाराणसी, पीडीडीयू जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर होते हुए चलेगी।
फिरोजपुर कैंट-पटना जंक्शन 04616/04615 छह अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक सप्ताह चलेगी। इसका मार्ग लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, जंघई, वाराणसी और पीडीडीयू जंक्शन होकर रहेगा।
वाराणसी-चंडीगढ़ 04227/04228 का संचालन एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक होगा। यह ट्रेन वाराणसी से गुरुवार और रविवार तथा चंडीगढ़ से शुक्रवार और सोमवार चलेगी। लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर और अंबाला इसके प्रमुख पड़ाव होंगे। रेलवे के इस निर्णय से त्योहारों में घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Check Also

गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने और सनातन बोर्ड की मांग, योगी सेना ने निकाली पदयात्रा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने और सनातन बोर्ड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES