Breaking News

राम मंदिर चढ़ावा चोरी: निवेश और महंगे उपहार का खुलासा

– पूछताछ में मनीष का कबूलनामा, कई राज उजागर
– चढ़ावा चोरी के पैसों से जमीन खरीदने का दावा
– राम मंदिर चढ़ावा चोरी: पूछताछ में बड़े खुलासे
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ/ अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में पुलिस जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपी मनीष यादव ने स्वीकार किया है कि नौकरी लगने के कुछ समय बाद ही उसने चढ़ावे की रकम में चोरी शुरू कर दी थी। सूत्रों के अनुसार उसने बताया कि चोरी की रकम का इस्तेमाल भंडारे कराने, महंगे उपहार खरीदने और जमीन समेत अन्य निवेश करने में किया गया। पुलिस इन बयानों का उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन कर रही है।
मामले में मुख्य आरोपी टिन्नू यादव और उसके भतीजे मनीष यादव की सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मांगी गई थी, हालांकि न्यायालय ने 39 घंटे की रिमांड मंजूर की। शनिवार सुबह पुलिस दोनों आरोपियों को जिला जेल से पूछताछ के लिए लेकर आई। अधिकारियों ने अभी पूछताछ के निष्कर्षों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि रिमांड के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, टिन्नू यादव ने पूछताछ में बताया कि उसी ने मनीष को नौकरी दिलवाई थी। मनीष चढ़ावे की गिनती और व्यवस्था से जुड़े अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर कथित रूप से चोरी में शामिल रहता था और नियमित रूप से टिन्नू को रकम की जानकारी देता था। पुलिस को संदेह है कि मनीष के आने के बाद चोरी की रकम में भी बढ़ोतरी हुई। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में दो-तीन अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पूछताछ के दौरान टिन्नू ने कथित तौर पर वीआईपी पास से जुड़े मामले में भी जानकारी दी। उसने बताया कि उसे एक वरिष्ठ पदाधिकारी की आईडी का एक्सेस मिला हुआ था, जिसके जरिए वीआईपी पास बनाकर लोगों को दर्शन कराए जाते थे। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस लाइन में हुई पूछताछ में टिन्नू ने सहादतगंज में अपने बेटे रवि यादव के नाम खरीदी गई जमीन और पत्नी के नाम संचालित एक निर्माण कंपनी से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी भी दी। पुलिस को आशंका है कि कथित चोरी की रकम को कंपनी के माध्यम से वैध दिखाने की कोशिश की गई। इस संबंध में जीएसटी रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की भी जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों का सत्यापन करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

कसारी-मसारी में ही दफन होगा अबान अहमद, अतीक-अशरफ और असद के बगल में बनेगी कब्र

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में हुए भीषण सड़क …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES