वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार शाम मंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वार्ड नंबर दो में भर्ती एक महिला मरीज के बेड पर गंदी चादर देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। महिला मरीज के सामने हाथ जोड़ते हुए कहा कि यह विभागीय अधिकारियों की लापरवाही है और इसे तुरंत ठीक कराया जाएगा। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही चादर बदलवाई और संबंधित अधिकारियों को लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम ने अस्पताल की इमरजेंसी और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से इलाज, दवा और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को भरोसा दिलाया कि अस्पताल में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यदि किसी प्रकार की परेशानी हो तो तत्काल शिकायत करें, ताकि उसका समाधान कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान वह एसआईसी कक्ष भी पहुंचे, जहां अधिकारियों के औपचारिक व्यवहार पर उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, सभी लोग एक परिवार की तरह काम करें। वहीं, जिला अस्पताल में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब (आईपीएचएल) के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। इस पर उन्होंने अपर निदेशक को तत्काल निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
रात्रिकालीन चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा के दौरान एक्सरे तकनीशियन की अनुपलब्धता का मुद्दा भी सामने आया। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि दिन और रात, दोनों समय मरीजों को सभी आवश्यक जांच और आकस्मिक चिकित्सा सुविधाएं मिलें। निरीक्षण के बाद ब्रजेश पाठक ने कहा कि जल्द ही 500 बेड के नए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके लिए मौजूदा सुविधाओं को एमसीएच विंग में स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि मरीजों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की हर 15 दिन में समीक्षा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि नए अस्पताल में आईसीयू बेड बढ़ाए जाएंगे, एमआरआई जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और करीब 315.48 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना पूरी की जाएगी। साथ ही 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक भी बनाया जाएगा। डिप्टी सीएम ने सभी रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति और पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।