वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
कुशीनगर। कसया क्षेत्र में बुद्ध मंदिर मार्ग स्थित नौका विहार के पास रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। आमने-सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर में दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक काफी तेज गति से बाइक चला रहे थे। अचानक आमने-सामने पड़ने पर किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी सांसें थम गईं। मृतकों की पहचान अमित साहनी और ओम सिंह (17) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही कसया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। दोनों युवक हेलमेट पहने थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्रीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।