वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश के शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किए जाने पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सम्मानित शिक्षकों की उपलब्धियां प्रदेश के शिक्षा जगत के लिए गौरव के साथ-साथ अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा का विषय हैं।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होने वालों में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के प्रोफेसर आशुतोष मोहन, आईआईटी कानपुर के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर शंकर प्रसाद रथ, गाजियाबाद के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज विजयनगर की डॉ. रेनू त्रिपाठी, बलिया के जगदीशपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक डॉ. इफ्तिखार खान और कौशाम्बी के कम्पोजिट स्कूल रसूलाबाद, कोलाहा की शिक्षिका शालिनी कुशवाहा शामिल हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अथक परिश्रम, समर्पण, नवाचार, रचनात्मकता और उत्कृष्ट कार्यकुशलता के माध्यम से इन शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनका राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने विशेष रूप से शालिनी कुशवाहा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने तकनीक और रचनात्मकता का समन्वय कर शिक्षण को प्रभावी और विद्यार्थियों के लिए रुचिकर बनाने का अनुकरणीय कार्य किया है। उनके नवाचारी प्रयासों से विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नई मिसाल कायम हुई है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और नवाचार की भावना विकसित करने में शिक्षकों का योगदान अहम है। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने की कामना की।