वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS), लखनऊ के जनरल सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. विकास सिंह ने लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए कोलकाता में आयोजित Association of Minimal Access Surgeons of India (AMASI) के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दो प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किए। उनकी उपलब्धि से संस्थान और जनरल सर्जरी विभाग में खुशी का माहौल है।
डॉ. विकास सिंह को Best Institutional Video Award में गोल्ड मेडल उनके वीडियो “Concomitant Laparoscopic Repair of Perineal Hernia with Inguinal Hernia” के लिए प्रदान किया गया। इसके अलावा Free Paper Session में “Laparoscopic Repair of Biliary Duct Injury” विषय पर प्रस्तुत शोध-पत्र को Best Paper Award से सम्मानित किया गया। सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञ सर्जनों ने हिस्सा लिया।
AMASI मिनिमल एक्सेस और लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के क्षेत्र में भारत की प्रमुख राष्ट्रीय संस्था है। इसके अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सर्जरी के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध, तकनीक और उपचार पद्धतियों पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करते हैं। ऐसे मंच पर डॉ. सिंह की उपलब्धि को उनके शोध और सर्जिकल दक्षता की महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।
डॉ. विकास सिंह Association of Surgeons of India (ASI) के Governing Council Member और उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि भी हैं। वह लंबे समय से उन्नत लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के साथ शोध और अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उनके कार्यों से RMLIMS और जनरल सर्जरी विभाग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. सीएम सिंह ने डॉ. विकास सिंह को दोनों पुरस्कारों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान और विभाग के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने डॉ. सिंह के आगामी अकादमिक और सर्जिकल कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।