वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। लखनऊ छावनी के विकास को रविवार को बड़ी सौगात मिली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छावनी क्षेत्र में 101 करोड़ रुपये की लागत वाली 14 विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इस दौरान शहर के कई प्रमुख बाजारों का नए नामों से नामकरण भी किया गया। इनमें वीरांगना ऊदा देवी, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम शामिल हैं।
दिलकुशा लॉन परिसर में आयोजित समारोह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रमुख बाजारों का नामकरण केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह देश और समाज के लिए योगदान देने वाली महान हस्तियों को याद करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इन नामों से आने वाली पीढ़ियों को भी उनके योगदान और संघर्ष की जानकारी मिलेगी।
रक्षामंत्री ने लखनऊ में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बेहतर जलापूर्ति, शिक्षा, खेल सुविधाओं और बाढ़ नियंत्रण जैसी परियोजनाओं की सराहना की। उन्होंने इन कार्यों का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की विकास नीति को दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज कानून का राज है और प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत का कद लगातार बढ़ रहा है।
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण मौजूद रहे। भारतीय रक्षा संपदा सेवा की महानिदेशक शोभा गुप्ता, मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता और रक्षा संपदा मध्य कमान की प्रधान निदेशक भावना सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। 14 परियोजनाओं के भूमिपूजन और बाजारों के नामकरण को छावनी क्षेत्र के आधारभूत ढांचे के विकास के साथ ही स्थानीय पहचान और विरासत को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।