Breaking News

2027 में सपा सरकार बनी तो बंद किए गए 26 हजार स्कूल फिर खुलेंगे : अखिलेश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 में सपा सरकार बनने पर भाजपा शासन में बंद किए गए 26 हजार स्कूलों को फिर से खोलने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पीडीए समाज के बच्चे पढ़ते हैं। सपा की सरकार बनने पर पीडीए समाज को उसकी आबादी के अनुपात में हक और हिस्सेदारी दिलाई जाएगी। अखिलेश यादव रविवार को सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक लाख नौकरियां देने के दावे पर भी सवाल उठाया। कहा कि सरकार के पास अब कितना समय बचा है। सपा सरकार आने पर लोक निर्माण विभाग का ऑडिट कराया जाएगा और जनता को बताया जाएगा कि सड़कों और विकास कार्यों में कितना भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हैं और सिंचाई विभाग में भी घोटाले हुए हैं।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में दूसरे प्रदेशों के अपराधी आकर वारदात कर रहे हैं, लेकिन बुलडोजर वाली सरकार कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि अपराधियों और सत्ता के बीच साझेदारी है।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग भ्रष्टाचार कर रहे हैं और जनता को मिलावटी पेट्रोल बेचा जा रहा है। त्योहारों के समय चीनी की कीमत बढ़ने का भी उन्होंने मुद्दा उठाया। मंदिर में दान के धन को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि जनता अब सब देख रही है तथा आने वाले समय में इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से परेशान है और अब बदलाव का इंतजार कर रही है। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि 2027 में सत्ता में आने पर उनकी पार्टी शिक्षा, रोजगार, विकास और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर प्राथमिकता से काम करेगी।

Check Also

स्मार्टफोन से बनाएं दूरी और अच्छी किताबों को जीवन का हिस्सा: सीएम योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। रक्षाबंधन के अवसर पर कालिदास मार्ग स्थित सरकारी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES