वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
गोरखपुर। योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि कमजोरों को उजाड़ने वाले और अवैध कब्जा करने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित नियमित जनसुनवाई कार्यक्रम ‘जनता दर्शन’ में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के बीच पहुंचे और एक-एक कर लगभग 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी को भरोसा दिलाया कि हर व्यक्ति को न्याय मिलेगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समाधान पूरी तत्परता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता अक्षम्य होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण होना चाहिए। जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार गंभीर बीमारियों के उपचार में हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से संबंधित इस्टीमेट की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर शासन को भेजी जाए, ताकि समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सीएम योगी ने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता जनता को त्वरित न्याय दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर पीड़ित के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार किया जाए और भूमाफिया या दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।