Breaking News

मस्जिदों को ढका तिरपाल से, होली पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
संभल। होली के पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संभल जिला प्रशासन ने विशेष एहतियाती कदम उठाए हैं। नगर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद समेत करीब 10 मस्जिदों को बड़े तिरपालों से ढक दिया गया है। यह व्यवस्था उन मस्जिदों के लिए की गई है जो होली के जुलूस मार्ग में पड़ती हैं, ताकि रंग की छींटें पड़ने से किसी प्रकार का विवाद न उत्पन्न हो।
प्रशासन के अनुसार जामा मस्जिद के सामने से होली के दो अलग-अलग जुलूस निकलने हैं। बीते वर्षों में रंग पड़ने की घटना के बाद तनाव की स्थिति बनी थी। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार पहले से ही सुरक्षात्मक इंतजाम किए गए हैं। मस्जिदों की दीवारों पर तिरपाल लगाने के साथ कुछ स्थानों पर विशेष कोटिंग भी कराई गई है, जिससे रंग के दाग न लगें।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि परंपरा के अनुसार नगर पालिका परिषद द्वारा मस्जिदों को ढकने की व्यवस्था की जाती है। हाल ही में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में मुतवल्लियों की सहमति से यह निर्णय लिया गया, ताकि आपसी भाईचारा बना रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई अन्य व्यक्ति भी अपनी मस्जिद को एहतियातन ढकवाना चाहता है तो प्रशासन इसकी अनुमति देगा। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। हाल ही में रंग एकादशी के दौरान भी इसी तरह के सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। प्रशासन का कहना है कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित स्थिति से बचने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि त्योहार का उल्लास और सौहार्द बरकरार रहे।

Check Also

मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन कर नारी शक्ति के सम्मान का दिया संदेश

– मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीरामलला के पावन प्राकट्योत्सव पर उनके बाल स्वरूप की पूजा-अर्चना की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES