वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
वाराणसी। वाराणसी दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के संभावित लखनऊ आगमन को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यदि जगद्गुरु शंकराचार्य राजधानी आते हैं तो एक राम भक्त होने के नाते वह उनका स्वागत करेंगे। हालांकि गाय को ‘राज्य माता’ का दर्जा देने की मांग को उन्होंने अनावश्यक बताया। वाराणसी सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए मौर्य ने कहा कि प्रदेश में गो भक्तों की सरकार है और यहां किसी गो तस्कर की इतनी हिम्मत नहीं कि वह गाय को नुकसान पहुंचा सके। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में गाय पूरी तरह सुरक्षित हैं और गो तस्करी के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा गाय को ‘राज्य माता’ का दर्जा देने की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे बाबा विश्वनाथ को अलग से ‘विश्व का नाथ’ घोषित करने की जरूरत नहीं, उसी प्रकार गाय के सम्मान को लेकर भी अतिरिक्त दर्जे की आवश्यकता नहीं है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को ‘ढोंगी’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष राम, कृष्ण और शिव भक्तों के प्रति संवेदनशील नहीं है और तुष्टिकरण की राजनीति करता है। मौर्य ने कहा कि सपा और कांग्रेस का हिंदू प्रेम केवल वोट बैंक की राजनीति तक सीमित है।
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक केंद्र और प्रदेश दोनों में भाजपा की सरकार रहेगी और विकास का क्रम इसी प्रकार जारी रहेगा।