वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात को महानिदेशक पर्यटन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। 1995 बैच के आईएएस अधिकारी अमृत अभिजात वर्तमान में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं। शासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
महानिदेशक पर्यटन के पद पर तैनात वेदपति मिश्रा के गत 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद रिक्त हो गया था। इसके बाद शासन ने अभी तक महानिदेशक पर्यटन के पद पर किसी आईएएस अधिकारी की नियमित तैनाती नहीं की है। ऐसे में नियुक्ति विभाग ने विभागीय कामकाज की निरंतरता बनाए रखने के लिए अमृत अभिजात को इस पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
अमृत अभिजात के पास पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी पहले से होने के कारण उन्हें महानिदेशक पर्यटन का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने से विभागीय स्तर पर समन्वय भी सुगम होगा। पर्यटन क्षेत्र में प्रदेश को देश और दुनिया के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में कई योजनाएं संचालित हैं।
अमृत अभिजात के सामने अब विभागीय जिम्मेदारियों के साथ महानिदेशक पर्यटन के पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी होगी। माना जा रहा है कि नियमित महानिदेशक की नियुक्ति होने तक वह इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। शासन स्तर पर स्थायी नियुक्ति को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।