Breaking News

गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने और सनातन बोर्ड की मांग, योगी सेना ने निकाली पदयात्रा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने और सनातन बोर्ड के गठन की मांग को लेकर योगी सेना भारत ने बुधवार को राजधानी में सनातन पदयात्रा रैली निकाली। पुलिस प्रशासन की अनुमति में बदलाव के बाद रैली निर्धारित मार्ग के बजाय समतामूलक चौराहे से ग्रीन कॉरिडोर, हनुमान सेतु और परिवर्तन चौक होते हुए केडी सिंह बाबू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन तक पहुंची। यहां संगठन के राष्ट्रीय प्रमुख गौरव वर्मा ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
रैली का नेतृत्व करते हुए गौरव वर्मा ने कहा कि संगठन पूरे उत्तर प्रदेश में हिंदू जोड़ो अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करेगा। उन्होंने दिसंबर 2026 तक 51 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य भी बताया। संगठन के उपाध्यक्ष एडवोकेट मोहित मिश्रा ने कहा कि योगी सेना हिंदुओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और कथित लव जिहाद के मामलों में संगठन आवाज उठाएगा।
संगठन के अनुसार रैली का प्रारंभिक मार्ग 1090 चौराहे से लोहिया पथ, गौतमपल्ली, राजभवन होते हुए जीपीओ तक निर्धारित था। बाद में पुलिस प्रशासन ने इस मार्ग पर रैली की अनुमति नहीं दी। इसके बाद नया मार्ग तय किया गया, लेकिन रैली को केडी सिंह बाबू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन के नीचे रोक दिया गया।
ज्ञापन में गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने और सनातन बोर्ड गठित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। गौरव वर्मा ने कहा कि सरकार ने मांगों पर जल्द विचार नहीं किया तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए सड़क पर उतरने को बाध्य होगा। रैली में संगठन के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी।

Check Also

अशक्त व्यक्तियों के लिए आवासीय गृह संचालित करने हेतु 1500 लाख रूपये मंजूर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। योगी सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES