वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
सीतापुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने राम मंदिर ट्रस्ट को भंग कर मंदिर की व्यवस्था साधु-संतों और लंबे समय से सेवा से जुड़े लोगों को सौंपने की मांग की है। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
सीतापुर में रविवार को कांग्रेस सांसद राकेश राठौर के आवास पहुंचे अजय राय ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार ने किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट में शामिल लोगों की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मंदिर की व्यवस्था उन संतों और सेवकों के हाथों में होनी चाहिए, जो पीढ़ियों से भगवान राम की सेवा करते आए हैं।
अजय राय ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए इसकी व्यवस्था पारदर्शी तरीके से संचालित होनी चाहिए। उन्होंने तत्काल ट्रस्ट को भंग करने की मांग दोहराई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सोनम वांगचुक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक अपने व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उन्हें जबरन अस्पताल पहुंचाया जाना निंदनीय है और कांग्रेस उनके तथा छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने सीतापुर में एटीपीसी के कमांडेंट के फॉलोवर की आत्महत्या मामले को भी गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। अजय राय ने कहा कि उत्पीड़न से आहत होकर उठाया गया यह कदम दुर्भाग्यपूर्ण है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महंगाई, भ्रष्टाचार, राम मंदिर से जुड़े मुद्दों, स्वास्थ्य, शिक्षा और बेरोजगारी जैसे विषयों को लेकर जनता के बीच जाएगी।