वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
संभल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को संभल में आयोजित जनसभा के दौरान भूमि कब्जा, कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने अवैध कब्जा करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई किसी की जमीन पर कब्जे की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर कोई आपकी जमीन पर कब्जे का प्रयास करेगा तो उसे कब्र से भी निकाल लेंगे। ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने संभल को भगवान विष्णु की पवित्र भूमि बताते हुए कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने यहां के धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि हरिहर मंदिर को तोड़ा गया, 68 तीर्थों को अपवित्र किया गया और 19 प्राचीन कूपों पर कब्जा कर लिया गया। उन्होंने कहा कि अब डबल इंजन सरकार इन तीर्थों और कूपों के पुनरुद्धार का कार्य करा रही है तथा 24 कोसीय परिक्रमा को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में सरकारी रिकॉर्ड नष्ट किए गए और गरीबों के अधिकारों की अनदेखी हुई। उन्होंने कहा कि कब्जामुक्त कराई गई 10 हजार एकड़ जमीन गरीबों को देने की प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश दंगों के लिए जाना जाता था, जबकि आज उत्तर प्रदेश “नो कर्फ्यू, नो दंगा” की स्थिति में है और संभल में “सब चंगा” है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार विकास को गति दे रही हैं। बेहतर सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी से संभल के विकास के नए रास्ते खुले हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों के खातों में पहुंच रहा है और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है।