Breaking News

पाताल लोक का रास्ता बनी सड़क! गड्ढे में सीढ़ी लगाकर उतरे सपा नेता, वीडियो वायरल

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
आगरा। शहर की पॉश कॉलोनी कमला नगर में जर्जर सड़क और बड़े गड्ढों के विरोध का अनोखा तरीका सामने आया है। समाजवादी पार्टी के नेता नितिन कोहली सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे में सीढ़ी लगाकर उतर गए और इसे ‘पाताल लोक का रास्ता’ बताते हुए नगर निगम और सरकार पर निशाना साधा। इस विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कमला नगर क्षेत्र की कई सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं। जगह-जगह बने बड़े गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। इसी समस्या को लेकर नितिन कोहली अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और गड्ढे में उतरकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया।
गड्ढे के भीतर खड़े होकर उन्होंने कहा कि यह सड़क नहीं, बल्कि पाताल लोक जाने का रास्ता बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन शहर की प्रमुख कॉलोनियों की सड़कें भी बदहाल स्थिति में हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सड़क की खराब हालत पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को उठानी पड़ती है।
सपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं, इस अनोखे विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। कुछ लोग इसे जनसमस्या उठाने का अलग तरीका बता रहे हैं, जबकि कई लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Check Also

तदर्थ शिक्षकों ने भरी हुंकार, वेतन और सेवा सुरक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ/अयोध्या। उत्तर प्रदेश माध्यमिक तदर्थ शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES