वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को लेकर एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आकाश आनंद अभी राजनीतिक जिम्मेदारी संभालने के लिए परिपक्व नहीं हुए हैं। जब तक वह पूरी तरह मैच्योर नहीं हो जाते, उन्हें पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
मायावती के इस बयान से बसपा के भीतर आकाश आनंद की भूमिका को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पार्टी की आज हुई बैठक में भी आकाश आनंद को शामिल नहीं किया गया। इसे उनके राजनीतिक भविष्य के लिहाज से अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
मायावती ने कहा कि आकाश को अभी राजनीतिक रूप से परिपक्व होने की जरूरत है। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी में किसी भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से पहले आकाश को अनुभव और समझ विकसित करनी होगी। मायावती के रुख से साफ है कि फिलहाल वह आकाश आनंद को संगठन में कोई अहम दायित्व देने के पक्ष में नहीं हैं।
बैठक में आकाश की गैरमौजूदगी और मायावती के ताजा बयान के बाद उनके समर्थक खेमे में बेचैनी बढ़ने की चर्चा है। हालांकि पार्टी की ओर से आकाश की आगे की भूमिका को लेकर कोई अलग आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
गौरतलब है कि आकाश आनंद को पहले बसपा के उत्तराधिकारी के तौर पर आगे बढ़ाया गया था और संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी दी गई थीं। बाद में मायावती ने उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कई जिम्मेदारियां वापस ले ली थीं। अब एक बार फिर उन्हें जिम्मेदारी से दूर रखने के संकेत ने बसपा की आंतरिक राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।