– गोरखपुर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन, सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि परेशान होने की जरूरत नहीं है, हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनशिकायतों का निस्तारण शीघ्रता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि जरूरतमंदों के उपचार में सरकार हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को इलाज से संबंधित इस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। परिजनों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए चॉकलेट दी।
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर की गोशाला में गोसेवा की। उन्होंने भोलू नाम के नंदी को गुड़-रोटी खिलाकर दुलारा और मुस्कुराते हुए कहा, कैसा हमेशा गुस्से में रहता है। उन्होंने अन्य गोवंश को भी गुड़-रोटी खिलाई।