वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 16 मार्च। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों, नौजवानों से लगातार झूठ बोल रही है। सरकार रोजगार को लेकर झूठे आंकड़े देती है और 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश देश की दिशा तय करेगा। उत्तर प्रदेश से प्रधानमंत्री बनते रहे है। भाजपा सरकार ने यूपी को हर मामले में पीछे छोड़ दिया है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से किये वादों को पूरा नहीं किया। कोई विकास नहीं किया। विकास को लेकर सवाल पूछने पर सरकार जेल भिजवा देती है। यह कहां का लोकतंत्र है? भाजपा सरकार संविधान विरोधी है। बीजेपी सच नहीं सुनना चाहती है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी-माफिया खुलेआम घटनाएं कर रहे हैं।
श्री यादव ने कहा कि हम लगातार मांग कर रहे है कि भाजपा सरकार प्रदेश के टॉप टेन और टॉप 100 माफियाओं की सूची जारी करें लेकिन भाजपा सरकार सूची नहीं जारी कर रही है। क्योंकि सूची जारी होगी तो उसमें सबसे ज्यादा संख्या में भाजपाई ही होंगे। श्री यादव ने कहा कि भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब नहीं देना चाहती है।
