वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
राजस्थान 3 मार्च। पिछले चार वर्ष से राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती वसुंधरा राजे अपने जन्म दिन पर राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन कर रही हैं। इस बार 8 मार्च के जन्मदिन के उपलक्ष में 4 मार्च को सालासर बालाजी में हजारों समर्थक जुटेंगे। चूंकि पिछले शक्ति प्रदर्शनों का असर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व पर नहीं हुआ, इसलिए चार मार्च के शक्ति प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए समर्थक कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
बताते चलें कि राजस्थान में इसी वर्ष नवंबर में विधानसभा के चुनाव होने हैं। समर्थकों को लगता है कि वसुंधरा राजे ही राजस्थान में भाजपा की सरकार बनवा सकती है। इसलिए राजे को प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बना देना चाहिए। जिसके लिए 4 मार्च के शक्ति प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में रणनीति बनाई जा रही है। कार्यकर्ताओं को एकत्रित करने के साथ साथ भाजपा के सांसद और विधायकों को भी बड़ी संख्या में सालासर पहुंचने के लिए कहा गया है। राजे दो बार मुख्यमंत्री रह चुकी है, इसलिए प्रदेश भर में राजे के समर्थक हैं। हालांकि अभी तक वसुंधरा राजे ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है जो अनुशासनहीनता के दायरे में आता हो। राजे कई बार कह चुकी हैं कि मंचों से उनका फोटो हटाया जा सकता है, लेकिन लोगों के दिलों से नहीं। सालासर में बालाजी दर्शन का समय प्रातः 10 बजे का रखा गया है। ऐसे में अनेक विधायक राजे के शक्ति प्रदर्शन में उपस्थित दर्ज करवा कर जयपुर के प्रदर्शन में भी शामिल हो जाएंगे। विधायकों को भी पता है कि अगले चुनाव में संगठी ही टिकट दिलवाएगा।
