वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
आबूधाबी/लखनऊ 30 जनवरी। आबूधाबी में हिंदू मंदिर के शिला पूजन कार्यक्रम में शिरकत करते हुए प्रदेश के स्टांप तथा पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने उत्तर प्रदेश के प्रवासियों की इस बात पर प्रशंसा की कि उन्होंने आज भी उत्तर प्रदेश की संस्कृति को यहां जीवंत बनाए रखा है। इससे पूर्व उन्होंने इंडियन काउंसलेट दुबई में उत्तर प्रदेश डायस्पोरा फोरम दुबई चैप्टर तथा इंडियन पीपुल्स फोरम की ओर से आयोजित उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया। समारोह में उत्तर प्रदेश के प्रवासियों द्वारा उत्तर प्रदेश के लोकगीत तथा लोक नृत्य के साथ बिरहा, कजरी, रामलीला आदि विभिन्न लोक कलाओं का मंचन किया गया।
मंत्री ने वर्ष 2027 तक उत्तर प्रदेश सरकार के प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन तक पहुंचाने के लक्ष्य के विषय में बताते हुए कहा कि प्रवासी नागरिकों के लिए यह एक बड़ा अवसर है। इस मौके पर अनेक प्रवासियों ने उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आने का भी आश्वासन दिया।
