वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 2 नवम्बर। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। प्रदेश में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। अब तक इससे कई मौंते हो चुकी हैं। कई हजार डेंगू केस दर्ज किए जा चुके हैं। अस्पतालों में बीमारों की कतारें लगी हुई है। बुखार, उल्टी, दस्त के बीमार बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। दिल के मरीजों की देखभाल भी ठीक से नहीं हो पा रही है। ठण्ड की शुरूआत में ही प्रदेश में मरीजों का हाहाकार मचना शुरू हो गया है।
भाजपा सरकार ने कोरोना काल में जिस तरह लोगों को अनाथ छोड़ दिया था, वही रवैया इन दिनों भी दिखाई पड़ रहा है। मुख्यमंत्री को निर्देश पर निर्देश देने का शौक है तो स्वास्थ्य मंत्री को छापेमारी से फुर्सत नहीं है। लेकिन इस सबके कोई नतीजे नजर नहीं आते हैं। सरकारी अस्पतालों में हालत वही ढाक के तीन पात वाली दिखती है।
चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि डेंगू वायरस के शिकार मरीज को दूसरा स्ट्रोक बेहद खतरनाक साबित होगा। इस सबसे नागरिकों में दहशत फैल रही है। एक हकीकत यह भी है कि जहां-जहां भाजपा के मेयर, चेयरमैन हैं वहीं पर हालात ज्यादा बिगड़े हुए हैं। वहां न सफाई है और नहीं फागिंग हो रही है। मच्छरों के प्रकोप से बचाव के कोई इंतजाम नहीं है।
सबसे बड़ी विडम्बना यह है कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, जो स्वास्थ्य मंत्री भी हैं। जमीनी हकीकत पर उनका ध्यान नहीं जाता है।
