Breaking News

मुख्यमंत्री से इण्डोनेशिया की राजदूत ने शिष्टाचार भेंट की

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 12 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज उनके सरकारी आवास पर भारत में इण्डोनेशिया की राजदूत सुश्री इना एच0 कृष्णमूर्ति के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमण्डल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर इण्डोनेशिया और भारत, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के मध्य सम्बन्धों को और बेहतर करने के विषय में विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 करोड़ आबादी वाला उत्तर प्रदेश भारत में सबसे बड़ी आबादी का प्रदेश है। यह भारत का हृदय स्थल है। यह भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परम्पराओं का स्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें जब भी दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्रों में जाने का अवसर मिला है, उन्हें वहां देवासुर संग्राम की प्रतिकृतियां देखने को मिली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इण्डोनेशिया हमारी विरासतों का निकटतम सहयोगी है। दोनों देशों के बीच सम्बन्धों को नई ऊंचाई देने में हमारी साझा संस्कृति महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्हें यह जानकर सुखद अनुभव हुआ है कि इण्डोनेशिया भी उत्तर प्रदेश की तर्ज पर ‘एक गांव एक उत्पाद’ की योजना संचालित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां से दक्षिण पूर्व एशिया के देशों के लिए हवाई उड़ान शुरू करने के लिए तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनवरी 2023 में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन की तैयारी कर रही है। इण्डोनेशिया के उद्यमियों के लिए यह एक अच्छा अवसर हो सकता है। उम्मीद है कि इण्डोनेशिया की ओर से सकारात्मक सहयोग प्राप्त होगा। यह सहयोग जी2जी और पी2पी दोनों ही मोड में हो सकता है।
इण्डोनेशिया की राजदूत सुश्री इना एच0 कृष्णमूर्ति ने मुख्यमंत्री का अभिवादन करते हुए कहा कि उनके नाम में ही कृष्णमूर्ति जुड़ा हुआ है, अतः इस प्रदेश से गहरा लगाव होना स्वाभाविक ही है। हम चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश और इण्डोनेशिया के बीच एक सीधी हवाई सेवा उपलब्ध हो, तो हमें खुशी होगी। यह हवाई सेवा दोनों देशों के सम्बन्धों को और बेहतर बनाने में उपयोगी होगी।
राजदूत ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बेहतरीन इनिशिएटिव ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ओ0डी0ओ0पी0) से प्रेरणा लेकर इण्डोनेशिया के बाली में ‘वन विलेज वन प्रोडक्ट’ कार्यक्रम शुरु किया गया है। इस प्रयास से ग्रास रूट लेवल पर अर्थव्यवस्था को गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के लिए संचालित ‘मिशन शक्ति’ के उत्साहजनक परिणामों से वे बहुत प्रभावित हैं।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एस0पी0 गोयल, अपर मुख्य सचिव एम0एस0एम0ई0 एवं सूचना नवनीत सहगल उपस्थित थे।

Check Also

CMS : 61 देशों से पधारे मुख्य न्यायाधीशों, न्यायाधीशों व अन्य प्रख्यात हस्तियों के सम्मान में आयोजित हुआ ‘स्वागत समारोह’

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा लखनऊ 3 नवंबर। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के आमन्त्रण …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES