वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 13 मई। प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि जल्द ही मिशन शक्ति फेज-4 का शुभारम्भ मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा। इसकी सभी तैयारियां सम्बन्धित विभागों द्वारा समय से पूर्ण कर ली जायें। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों को और सक्रिय व प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। इसके अतिरिक्त सम्बन्धित विभागों द्वारा लक्ष्य निर्धारित किया जाये, ताकि उसकी नियमित समीक्षा की जा सके। मिशन शक्ति अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों का सोशल मीडिया व अन्य प्लेटफार्म पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाये।
मुख्य सचिव ने यह निर्देश मिशन शक्ति फेज-4 की तैयारियों की समीक्षा के दौरान दिये। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत एक पोर्टल तैयार किया जाये, जिसमें महिलाओं के जीवन स्तर को उठाने एवं उनकी आय को बढ़ाने सम्बन्धी जानकारी तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी डाली जाये। मुख्य सचिव ने कहा कि यह देखा जाये कि कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा हेतु POSH (Protection of Sexual Harassment at Workplace) समिति का गठन हुआ है और समितियां गठन के पश्चात कार्य कर रहीं हैं। जहां ही इन समितियों का गठन नहीं हुआ है, वहां गठन कराने के प्रयास सुनिश्चित किये जायें।
मुख्य सचिव ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में बालिकाओं की सुरक्षा विषयक विविध प्रावधानों पर जागरूकता हेतु निबन्ध, लेखन, भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाये। जिन विद्यालयों में बालिकाओं के लिये शौचालय नहीं है अथवा मरम्मत योग्य है, उन्हें पंचायतीराज विभाग द्वारा बनवाया जाये।
बैठक में गृह, ग्राम्य विकास, युवा कल्याण, नगर विकास, पंचायती राज, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, महिला कल्याण, राजस्व, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
